Connect with us

राज्य

बिहार में जांच से पहले ही खत्म हो गईं किटें, 2.12 लाख से ज्यादा HIV-हेपेटाइटिस टेस्ट किट एक्सपायर

सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में एलिसा (एंजाइम-लिंक्ड इम्यूनोसोरबेंट एसे ) किट के उचित उपयोग नहीं होने से बड़ी संख्या में एक्सपायर्ड होने का मामला सामने आया है।

राज्य में एचआइवी जांच की 84 हजार चार जांच किट, हेपेटाइटिस सी वायरस (एचसीवी) की 80 हजार 544 किट और हेपेटाइटिस बी सरफेस एंटीजन (एचबीएसएजी) जांच की 47 हजार 424 जांच किट और खराब हो चुकी हैं। इसके बाद राज्य स्वास्थ्य समिति ने सभी जिलों के सिविल सर्जन को बची हुई किट का तत्काल पुनः आवंटन का निर्देश दिया है।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी (रक्त अधिकोष) डा. एनके गुप्ता की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि सरकारी ब्लड बैंकों में रक्त की जांच एलिसा विधि से की जाती है। इसके लिए किट की पर्याप्त उपलब्धता जरूरी है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य स्वास्थ्य समिति ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को बची हुई किट का तत्काल पुनः आवंटन (रिलोकेशन) सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

समीक्षा में पाया गया कि कई सरकारी रक्त केंद्रों में एलिसा किट की कमी है, जबकि बीएमएसआईसीएल के जिला भंडार से बड़ी संख्या में किट अनुमंडलीय अस्पतालों, रेफरल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को उपलब्ध करा दी गई हैं, जहां अधिकांश स्थानों पर एलिसा मशीन उपलब्ध नहीं है और जांच भी नहीं हो रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने आशंका जताई है कि मशीन के अभाव में इन संस्थानों में रखी गई किट के एक्सपायर होने की संभावना अधिक है। चूंकि एलिसा किट को कोल्ड चेन में सुरक्षित रखना आवश्यक होता है, इसलिए सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिया गया है कि जिन स्वास्थ्य संस्थानों में एलिसा मशीन उपलब्ध नहीं है, वहां से किट वापस लेकर सदर अस्पताल स्थित रक्त केंद्र में स्थानांतरित की जाए, ताकि उनका समय पर उपयोग हो सके।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार एचसीवी जांच की 3,65,472 किट की आपूर्ति की गई थी। इनमें 83,232 किट ब्लड बैंकों तथा 2,82,240 किट अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भेजी गईं।

31 मई 2026 तक 37,824 तथा 30 जून 2026 तक 9,600 किट एक्सपायर हो चुकी हैं। फिलहाल 1,71,360 किट विभिन्न संस्थानों में उपलब्ध हैं, जिनकी वैधता 6 सितंबर, 18 दिसंबर और 31 दिसंबर 2026 तक है।

एचबीएसएजी जांच की 4,30,944 किट की आपूर्ति की गई थी। इनमें 91,584 किट ब्लड बैंकों और 3,39,360 किट अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को उपलब्ध कराई गईं। 31 मई तक 51,744 किट एक्सपायर हो चुकी हैं, जबकि 94,944 किट की वैधता 22 दिसंबर 2026 तक है।

वहीं एचआईवी जांच के लिए 2,79,168 किट उपलब्ध कराई गई थीं। इनमें 60,864 किट ब्लड बैंकों और 2,18,304 किट अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भेजी गईं। 31 मई 2026 तक 3,844 तथा 30 जून 2026 तक 80,160 किट एक्सपायर हो गईं। हालांकि अभी 1,48,512 किट उपलब्ध हैं, जिनकी एक्सपायरी 15 अगस्त और 9 अक्टूबर 2026 तक है।

राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश के आलोक में जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिन स्वास्थ्य संस्थानों में एलिसा मशीन उपलब्ध नहीं है, वहां रखी गई एचआईवी, एचसीवी एवं एचबीएसएजी जांच किटों का तत्काल आकलन कर उन्हें सदर अस्पताल स्थित रक्त केंद्र में स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि समय रहते उनका उपयोग सुनिश्चित हो सके। सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को उपलब्ध जांच किटों का भौतिक सत्यापन कर उनकी एक्सपायरी तिथि के अनुसार उपयोग एवं रिलोकेशन की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
डा. राजीव कुमार, सिविल सर्जन, समस्तीपुर।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *