Connect with us

मध्य प्रदेश

भोपाल: केरवा डैम में 12 घंटे के भीतर मिले युवक-युवती के शव, पास खड़ी थी लावारिस बाइक; कॉलेज जाने का कहकर निकली थी युवती

राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित केरवा डैम में 12 घंटे के भीतर एक युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटनास्थल से मिली लावारिस बाइक, बैग और अन्य सामान के आधार पर पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे को जानते थे, हालांकि मौत के कारणों का खुलासा अभी नहीं हो सका है।

लावारिस बाइक देख हुआ शक

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम केरवा डैम क्षेत्र में गश्त कर रहे वन विभाग के कर्मचारियों ने पर्यटकों को बाहर निकालने के दौरान एक लावारिस बाइक खड़ी देखी। संदेह होने पर आसपास तलाश की गई तो कुछ दूरी पर एक बैग और जूते पड़े मिले। इसके बाद डैम के उस हिस्से की जांच की गई, जिसे स्थानीय लोग ‘मौत का कुआं’ कहते हैं। वहां पानी के भीतर एक युवती का शव दिखाई दिया।

सूचना मिलते ही रातीबड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। बैग की तलाशी लेने पर मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान छोला मंदिर क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय कोमल पाठक के रूप में हुई।

कॉलेज जाने का कहकर निकली थी युवती

परिजनों ने पुलिस को बताया कि कोमल सोमवार दोपहर कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। वहीं वन विभाग के कर्मचारियों ने पूछताछ में बताया कि घटना से पहले युवती को एक युवक के साथ देखा गया था।

मंगलवार सुबह मिला युवक का शव

युवती का शव मिलने के बाद पुलिस ने दूसरे व्यक्ति की तलाश शुरू की। रातीबड़ थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा के मुताबिक मंगलवार सुबह डैम से युवक का शव भी बरामद कर लिया गया। उसकी पहचान सुशील नामदेव के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस दोनों परिवारों से पूछताछ कर रही है और उनके संबंधों सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *