Connect with us

राज्य

बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में चीटिंग का भंडाफोड़, 12 मुन्नाभाई गिरफ्तार; सबसे ज्यादा दरभंगा में केस

बिहार पुलिस रेडियो में सिपाही (ऑपरेटर) के 993 पदों पर भर्ती के लिए रविवार को राज्यभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लिखित परीक्षा आयोजित की गई।

केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित बताया है। हालांकि, परीक्षा के दौरान कदाचार और फर्जी अभ्यर्थियों के जरिए परीक्षा में शामिल होने की कोशिश करने वाले 17 मुन्नाभाई के खिलाफ विभिन्न जिलों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इनमें 12 आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

दरभंगा में सबसे अधिक मामले

केंद्रीय चयन पर्षद से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक छह मामले दरभंगा जिले में दर्ज किए गए हैं। वहीं कैमूर (भभुआ) में तीन तथा नवादा में दो अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी हुई है।

इसके अलावा पटना, मुजफ्फरपुर, खगड़िया के अलावा पश्चिमी चंपारण, कटिहार, मुंगेर में एक-एक फर्जी अभ्यर्थी या कदाचार से जुड़े मामले सामने आए हैं। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

कड़ी निगरानी के बीच हुई परीक्षा

राज्यभर के सभी 38 जिलों में परीक्षा के लिए 544 केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा एक ही पाली में दोपहर 12 बजे से दो बजे तक आयोजित हुई। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और पहचान पत्रों का मिलान कराया गया। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए थे।

केंद्रीय चयन पर्षद ने कहा कि अधिकांश केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए कदाचार करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *