Connect with us

उत्तर प्रदेश

अखिलेश यादव ने लखनऊ में की शंकराचार्य से मुलाकात, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बोले- ‘यूपी का सीएम बदलेगा’

उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले राजधानी लखनऊ के सियासी गलियारों में एक बड़ी हलचल देखने को मिली है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की. उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के दौरे पर निकले शंकराचार्य के लखनऊ आगमन पर अखिलेश यादव खुद उनके ठहराव स्थल पहुंचे. इस दौरान उन्होंने शंकराचार्य के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और गंभीर मुद्दों पर विचार-विमर्श किया. इस मुलाकात के बाद दोनों ने ही सीधे तौर पर योगी सरकार और भाजपा पर तीखे हमले बोले. अखिलेश यादव ने सीएम योगी के अयोध्या दौरे को लेकर तंज कसा. वहीं शंकराचार्य ने मुख्यमंत्री बदलने के बाद चोरों पर तगड़ी कार्रवाई होने की बड़ी बात कह दी.

अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद इन दिनों पूरे उत्तर प्रदेश में गौ माता की सेवा और उन्हें राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के संकल्प के साथ यात्रा कर रहे हैं. वे सैफई और मैनपुरी का भी दौरा कर चुके हैं. शंकराचार्य से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने गौ माता के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा ‘मैं अभी पूजनीय शंकराचार्य जी से मिलकर आ रहा हूं. वे गौ माता की स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हैं और रास्ता निकाल रहे हैं कि किसी भी तरह से गौ माता को राष्ट्रीय सम्मान मिल जाए. यह अलग बात है कि आज जो सरकार सत्ता में है, वे भारतीय जनता पार्टी के लोग अपने स्वार्थ के लिए समय-समय पर अपने विचारों, सिद्धांतों और चीजों को बदलते रहते हैं.’

इतनी बार अयोध्या गए फिर भी चोरी नहीं पकड़ पाए-अखिलेश

मुलाकात के बाद जब मीडियाकर्मियों ने अखिलेश यादव से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने बेहद तंजिया लहजे में कहा ‘वह (सीएम योगी) इतनी बार अयोध्या गए हैं लेकिन तब भी वहां हुई चोरी (चढ़ावा चोरी विवाद) को नहीं पकड़ पाए. अब उनके वहां जाने से क्या होगा? अब तो सुनने में आया है कि अयोध्या में जेब कतरे भी सक्रिय हो गए हैं.’

कार्रवाई तब होगी जब मुख्यमंत्री बदल जाएगा-शंकराचार्य

अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद जब खुद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में मुख्यमंत्री के कार्रवाई होगी वाले बयान पर सवाल किया गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए सरकार पर बड़ा हमला बोला. शंकराचार्य ने कहा ‘कार्रवाई तो होगी लेकिन तब होगी जब तुम मुख्यमंत्री नहीं रहोगे. जब प्रदेश में नया मुख्यमंत्री आएगा, वह इन चोरों के खिलाफ तगड़ी कार्रवाई करेगा. बिल्कुल सही कह रहे हैं मुख्यमंत्री जी, कार्रवाई जरूर होगी.’

आपको बता दें कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और प्रशासन के बीच विवाद नया नहीं है. कुंभ मेले के दौरान स्नान को लेकर प्रशासन के साथ हुई तीखी बहस के बाद से ही वे लगातार सरकार की कई नीतियों के खिलाफ मुखर रहे हैं. उन पर कई आरोप भी लगे थे जिन्हें बाद में वापस ले लिया गया. अब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में कुछ ही महीने बचे हैं. ऐसे में सनातन धर्म के शीर्ष गुरुओं में से एक शंकराचार्य और मुख्य विपक्षी दल के नेता अखिलेश यादव की यह जुगलबंदी और उनके सरकार विरोधी तेवर उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति की दिशा तय करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं.

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *