Connect with us

बिहार-झारखंड

बिहार में कुख्यात अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा

बिहार में कुख्यात अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा

4 महीनों में 10 एनकाउंटर, इनामी बदमाश ‘सूर्या डॉन’ घायल होकर गिरफ्तार

पटना।
बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। नवंबर से फरवरी के बीच राज्य में 10 एनकाउंटर हो चुके हैं, जिनमें कई कुख्यात अपराधी या तो मारे गए या फिर घायल होकर पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। इसी कड़ी में बुधवार को पटना में 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या डॉन को पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब बिहार विधानसभा में विपक्ष राज्य में बढ़ते अपराधों को लेकर नीतीश कुमार सरकार पर हमलावर है। राजधानी पटना में हुई इस मुठभेड़ को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

गायघाट में हुई मुठभेड़

पटना एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि 20 से अधिक आपराधिक मामलों में वांटेड सूर्या डॉन गायघाट इलाके में छिपा हुआ है और नाविकों व स्थानीय लोगों से रंगदारी वसूलने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आलमगंज थाना क्षेत्र के गायघाट में महात्मा गांधी सेतु के नीचे तड़के घेराबंदी की।

जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, खुद को घिरता देख सूर्या डॉन ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। दोनों ओर से तीन राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक गोली सूर्या डॉन के पैर में लगी। घायल होने के कारण वह भाग नहीं सका और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

अस्पताल में भर्ती, हथियार बरामद

घायल अवस्था में सूर्या डॉन को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने एनकाउंटर स्थल से एक पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए हैं। पटना (ईस्ट) के एसपी परिचय कुमार के अनुसार, सूर्या डॉन के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, लूट, डकैती, रंगदारी, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त, धोखाधड़ी और शराब तस्करी जैसे गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं।

घाटों पर करता था अवैध वसूली

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सूर्या डॉन घाटों पर नाविकों से नियमित रूप से अवैध वसूली करता था और लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी। अब पुलिस उसके पूरे आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।

बिहार में एनडीए सरकार के गठन के बाद से अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending