Connect with us

राज्य

MP Bus Fare Hike: यात्रियों को महंगाई का झटका, बस किराया 60% तक बढ़ा; जानें नई दरें

प्रदेश में बस से सफर करने वाले यात्रियों को महंगाई का एक और झटका लगा है। राज्य सरकार ने यात्री बसों के किराये में 60 से 75 प्रतिशत तक वृद्धि की है। साधारण बस का किराया अब दो रुपये प्रति किलोमीटर होगा, जबकि न्यूनतम किराया 10 रुपये तय किया गया है। पहले साधारण बस का किराया 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर और न्यूनतम किराया सात रुपये था। करीब पांच साल बाद बस किराये में यह बढ़ोतरी की गई है।

हालांकि, साधारण बस के किराये की तुलना में देखें तो सामान्य यात्रियों के लिए प्रति किलोमीटर किराये में वृद्धि करीब 60 प्रतिशत है, जबकि अलग-अलग श्रेणी की बसों के लिए अधिकतम किराया 75 प्रतिशत तक अधिक निर्धारित किया गया है।

डीलक्स से सुपर लग्जरी तक इतना बढ़ेगा किराया

नई किराया व्यवस्था के तहत अलग-अलग श्रेणी की बसों के लिए साधारण बस के किराये को आधार बनाया गया है। इसके अनुसार—

साधारण बस: 2 रुपये प्रति किलोमीटर, न्यूनतम किराया 10 रुपये
रात्रि बस सेवा: सामान्य किराये से 10 प्रतिशत अधिक
डीलक्स बस (नॉन-एसी): सामान्य किराये से 25 प्रतिशत अधिक
स्लीपर बस: सामान्य किराये से 40 प्रतिशत अधिक
डीलक्स बस (एसी): सामान्य किराये से 50 प्रतिशत अधिक
सुपर लग्जरी कोच (एसी): सामान्य किराये से 75 प्रतिशत अधिक

सरकार ने स्पष्ट किया है कि डीलक्स, स्लीपर और लग्जरी बसों में अलग से नाइट चार्ज नहीं लिया जाएगा। इसी तरह एक्सप्रेस बस सेवा के नाम पर भी यात्रियों से अतिरिक्त किराया वसूलने की अनुमति नहीं होगी।

2021 के बाद अब बढ़ा बस किराया

मध्य प्रदेश में इससे पहले 20 अप्रैल 2021 को यात्री बसों के किराये में बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद बस ऑपरेटर संगठन लगातार किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे।

बस संचालकों के विभिन्न संगठनों ने किराया वृद्धि समेत अपनी सात मांगों को लेकर 7 अगस्त की रात 12 बजे से आंदोलन की चेतावनी दी थी। सरकार ने आंदोलन शुरू होने से पहले ही बुधवार को किराया वृद्धि की अधिसूचना जारी कर दी। अधिसूचना जारी होते ही नई किराया दरें प्रभावी हो गई हैं।

डीजल महंगा होने का दिया हवाला

प्राइम रूट बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने कहा कि सरकार ने लंबे समय से चली आ रही किराया बढ़ाने की मांग स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि 2021 में जब पिछली बार किराया बढ़ाया गया था, उस समय डीजल करीब 79 रुपये प्रति लीटर था, जो अब बढ़कर करीब 100 रुपये हो चुका है।

बस ऑपरेटर संगठनों का कहना है कि उनकी अन्य मांगों को लेकर सरकार से बातचीत जारी है। यदि इन मांगों पर सहमति नहीं बनती है तो आंदोलन को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।

सुगम परिवहन सेवा के संचालन के पहले की बढ़ोतरी

राज्य सरकार मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत निजी बसों को अनुबंधित कर अपने नियंत्रण में चिह्नित मार्गों पर संचालित करने जा रही है। एक माह के भीतर यह सेवा प्रारंभ करने की तैयारी है। किराया अच्छा होने की स्थिति में ही निजी बस संचालक अनुबंध के लिए आगे आएंगे। दरअसल, इस सेवा में बस संचालक निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठा पाएंगे न ही किराये में किसी तरह की चोरी हो पाएगी। सीसीटीवी कैमरे और अन्य तरीके से राज्य परिवहन प्राधिकरण खुद इसकी निगरानी करेगा। बता दें, इस सेवा की शुरुआत सबसे पहले इंदौर से होनी है। इसके लिए 40 मार्ग अधिसूचित किए जा चुके हैं।

भोपाल से इंदौर का इतना लगेगा किराया

बस का प्रकार – किराया
– साधारण बस – 360 रुपये
– बिना एसी डीलक्स बस — 425 रुपये
– एसी डीलक्स बस – 540
– स्लीपर बस – 504 रुपये
– रात्रिकालीन बस (रात नौ से सुबह छह बजे तक चलने वाली) – 396 रुपये
(नोट- दूरी 180 किमी के आधार पर)

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *