Connect with us

बिहार-झारखंड

पटना में डाकबंगला चौराहे से गांधी मैदान तक नहीं चलेंगे वाहन, तिरंगा यात्रा की वजह से बदला ट्रैफिक प्लान

जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक 10 अगस्त यानी सोमवार की सुबह तिरंगा यात्रा (पदयात्रा) के मद्देनजर यातायात पुलिस ने कई जगहों पर रूट डायवर्जन किया है। वहीं, कुछ मार्गों पर सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। सुबह सात बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।

डाकबंगला चौराहे से गांधी मैदान (चिल्ड्रेन पार्क), न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड तथा छज्जूबाग से टीएन बनर्जी रोड की तरफ वाहनों का प्रवेश वर्जित है। डाकबंगला चौराहे से जेपी गोलंबर तक का मार्ग विशेष रूप से मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के कारकेड के लिए आरक्षित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह ट्रैफिक व्यवस्था आपातकालीन सेवाओं पर लागू नहीं होगी।

इन मार्गों पर नहीं चलेंगे वाहन

  • डाकबंगला चौराहे से गांधी मैदान (चिल्ड्रेन पार्क) तक सामान्य वाहनों के परिचालन पर रोक।
  • बुद्ध मार्ग में कोतवाली टी से पुलिस लाइन तक पूर्वी दिशा में जाने वाले सभी रास्ते बंद रहेंगे।
  • छज्जूबाग एसडीओ आवास से टीएन बनर्जी रोड की तरफ वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
  • बुद्ध मार्ग से छज्जूबाग मोड़ से एसडीओ आवास की तरफ वाहनों की नो एंट्री।
  • जेपी गोलंबर, रामगुलाम चौक होते हुए कारगिल चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

मालवाहक और व्यावसायिक वाहनों के लिए व्यवस्था

मालवाहक वाहनों के लिए शहर में प्रवेश के कई वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। चिरैयाटांड़ और गोरियाटोली की तरफ मालवाहक वाहनों का परिचालन नहीं होगा। इसी तरह, मीठापुर से बुद्ध मार्ग और आर-ब्लाक गोलंबर से मालवाहक वाहनों का आयकर गोलंबर की ओर परिचालन नहीं होगा।

पटना जंक्शन से गांधी मैदान आने वाले आटो डाकबंगला चौराहे से न्यू डाकबंगला और भट्टाचार्य मोड़ से मुड़कर एक्जीविशन रोड तक आएंगे और वहां से वापस सीडीए बिल्डिंग गोलंबर, गोरियाटोली होते हुए पटना जंक्शन जाएंगे। एक्जीविशन रोड से उत्तर गांधी मैदान की तरफ एवं गोरियाटोली से गांधी मैदान की ओर व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

ऑटो, ई-रिक्शा और बसों के लिए रूट डायवर्जन

इंजीनियरिंग कालेज से चलने वाली नगर बसें गांधी चौराहा-मछुआटोली- दरियापुर तिराहे से नाला रोड-पीरमुहानी-सीडीए बिल्डिंग गोलंबर, गोरियाटोली होते हुए पटना जंक्शन तक जाएंगी और उसी मार्ग से वापस आएंगी।

पटना सिटी से आने वाले आटो या ई-रिक्शा मुसल्लहपुर हाट, बारी पथ से खजांची रोड तक आएंगे और वापसी में खजांची रोड से अशोक राजपथ में आकर गायघाट की ओर जाएंगे।

वाहन पार्किंग और प्रवेश द्वार

तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था गांधी मैदान में की गई है। इस दौरान आम लोगों के लिए गांधी मैदान के गेट नंबर एक और 13 से प्रवेश निर्धारित किया गया है। गेट नंबर 12 सिर्फ मुख्यमंत्री के प्रवेश के लिए आरक्षित रहेगा।

वैकल्पिक मार्ग

वोल्टास मोड़ से उत्तर की ओर जाने वाले वाहन विद्यापति मार्ग, बुद्ध मार्ग होते हुए पुलिस लाइन तिराहा की ओर जा सकेंगे। आयुक्त कार्यालय के सामने जेपी गंगा पथ के नीचे स्थित गोलंबर से गांधी मैदान की ओर आने वाले फ्लैंक में सिर्फ तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले आगंतुकों को आने की अनुमति रहेगी।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *