Connect with us

उत्तर प्रदेश

नौकरी की तलाश में युवक संग नोएडा आई थी 19 साल की लड़की, PG में मिली लाश

नोएडा में नौकरी की तलाश में आई 19 साल की युवती की PG में हत्या का मामला सामने आया है. युवती का शव बरौला स्थित एक PG में मिला. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या की गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच शुरू कर दी है.

दोस्त के साथ नौकरी की तलाश में आई थी युवती

मामला थाना सेक्टर-49 क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त को बरौला स्थित एक PG में युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी. शुरुआती जांच में सामने आया कि युवती अपनी एक दोस्त के साथ नोएडा आई थी. दोनों यहां प्राइवेट नौकरी की तलाश कर रही थीं. जिस कमरे में युवती मृत मिली, वह उसकी दोस्त के कमरे के ठीक बगल में था. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की. फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए.

धारदार हथियार से हत्या की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में युवती की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है. हालांकि हत्या किसने की, इसकी वजह क्या थी और वारदात के समय कमरे में कौन मौजूद था, इन सवालों की जांच की जा रही है. पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है.

आरोपी की तलाश में कई पुलिस टीमें

जांच के दौरान पुलिस को कुछ जरूरी सबूत मिलने की बात कही गई है. इन्हीं सबूतों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. फिलहाल पुलिस युवती की हत्या के आरोपी की तलाश में जुटी है. हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है.

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *