Connect with us

उत्तर प्रदेश

‘मेरे सेठ को लूट लो, कर्ज उतर जाएगा…’, झांसी में दोस्त की बात मानकर सुरेंद्र ने रची साजिश, पूरी प्लॉनिंग सुनकर हो जाएंगे हैरान!

झांसी में गल्ला व्यापारी पर गोली चलाकर लूट की कोशिश के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाली साजिश का खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक व्यापारी की रेकी कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि उसी के यहां पल्लेदारी करने वाला शिवम कर रहा था. शिवम ने अपने कर्ज में डूबे दोस्त सुरेंद्र को व्यापारी को लूटने का आइडिया दिया. इसके बाद सुरेंद्र ने अपने साले और चचेरे साले को साथ लेकर वारदात की योजना बनाई. 12 अगस्त को व्यापारी पर हमला हुआ, जबकि करीब चार दिन बाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चारों आरोपियों को पकड़ लिया.

पल्लेदार ने दिया सेठ को लूटने का आइडिया

मामला नवाबाद थाना क्षेत्र की कैलाश रेजीडेंसी में रहने वाले गल्ला व्यापारी प्रशांत गुप्ता से जुड़ा है. उनका काम भोजला मंडी से जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक, शिवम कुशवाहा उनके यहां पल्लेदारी करता था और उसे व्यापारी के आने-जाने की पूरी जानकारी रहती थी. शिवम के दोस्त सुरेंद्र कुशवाहा पर लाखों रुपये का कर्ज था और वह उसे चुकाने के लिए परेशान था. पुलिस के अनुसार, बातचीत के दौरान शिवम ने सुरेंद्र से कहा, ‘मेरे सेठ के पास रोज पैसा रहता है, अगर उसे लूट लो तो तुम्हारा काम चल सकता है.’ इसके बाद दोनों ने मिलकर साजिश रची.

साले और चचेरे साले को भी किया शामिल

पुलिस के मुताबिक सुरेंद्र ने इस योजना में अपने सगे और चचेरे साले आकाश और प्रद्युम्न को शामिल कर लिया. इस तरह चार लोगों ने व्यापारी को निशाना बनाने की तैयारी की. 12 अगस्त को शिवम व्यापारी के साथ मंडी से नहीं निकला, बल्कि भोजला मंडी में ही उसकी निगरानी करता रहा. जैसे ही प्रशांत गुप्ता ने काम खत्म किया और स्कूटी से घर के लिए निकले, शिवम ने अपने साथियों को उनकी लोकेशन भेज दी.

हाईवे पर व्यापारी को मारी गोली

लोकेशन मिलते ही सुरेंद्र अपने दोनों साथियों के साथ बाइक से निकला. हाईवे पर उन्होंने प्रशांत गुप्ता को घेर लिया और गोली चला दी. गोली लगने से व्यापारी घायल हो गए. इसके बाद आरोपियों ने उनसे लूट की कोशिश की और मौके से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की मदद से पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं.

लकारा पुलिया पर पुलिस से हुई मुठभेड़

घटना के करीब चार दिन बाद पुलिस को सूचना मिली कि व्यापारी पर हमला करने वाले आरोपी लकारा पुलिया के पास मौजूद हैं. सीपरी बाजार थाना पुलिस और स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की. पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ में चारों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए और उन्हें पकड़ लिया गया. घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया.

बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी गोली

मुठभेड़ के दौरान एक गोली सीपरी बाजार थाना प्रभारी जय प्रकाश चौबे की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी. इससे उनकी जान बाल-बाल बची. पुलिस ने आरोपियों के पास से चार तमंचे, कारतूस और एक बाइक बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी मध्य प्रदेश के दतिया के रहने वाले हैं. नगर पुलिस अधीक्षक प्रीति सिंह ने बताया कि पूछताछ में शिवम द्वारा सुरेंद्र को व्यापारी को लूटने का सुझाव देने की बात सामने आई है. उन्होंने बताया कि सुरेंद्र पर कर्ज था और उसी को चुकाने के लिए इस वारदात की साजिश रची गई.

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *