Connect with us

राज्य

बिहार के छात्रों की बल्ले-बल्ले: अब फ्री में होगी JEE-NEET की तैयारी, 700 स्कूलों में 24 घंटे लाइव रहेंगे शिक्षक

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बिहार बोर्ड) ने राज्य के चयनित 155 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल प्लस-टू विद्यालयों में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए जेईई और नीट की तैयारी को लेकर निशुल्क कोचिंग शुरू कर दी है।

वहीं, 700 मॉडल विद्यालयों के कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को इंटरेक्टिव लर्निंग ऐप से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

ऐप के माध्यम से विद्यार्थियों को 24 घंटे लाइव शिक्षकों की सुविधा मिलेगी, जहां वे विषय से जुड़े सवाल और अपने डाउट का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।यह पूरी व्यवस्था विद्यार्थियों के लिए निशुल्क होगी। समिति द्वारा इस ऐप का नाम ‘विद्या साथी’ रखा गया है।

परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने मंगलवार को सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों के कार्यालयों में प्रतिनियुक्त उप सचिवों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिया।

155 में 10 स्कूलों में ऑफलाइन, 145 में ऑनलाइन पढ़ाई

परीक्षा समिति के अध्यक्ष ने बताया कि जेईई और नीट की तैयारी के लिए 155 मॉडल विद्यालयों में से पटना के 10 चिह्नित विद्यालयों में 16 जुलाई से संध्याकालीन निशुल्क शिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। शेष 145 विद्यालयों में ऑनलाइन कोचिंग प्रारंभ कर दी गई है।

इन विद्यालयों में जेईई और नीट के पाठ्यक्रम के अनुसार विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा तैयार विषयवार वीडियो विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वीडियो की पढ़ाई टीवी और स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से कराई जा रही है।

समिति मुख्यालय स्तर पर आधुनिक स्टूडियो भी तैयार करा रही है। इसके माध्यम से निकट भविष्य में इन 145 विद्यालयों में लाइव कक्षाएं शुरू करने की योजना है।

पहले से 21 केंद्रों पर चल रही फिजिकल क्लास

वर्तमान में जेईई और नीट की तैयारी के लिए 21 कोचिंग केंद्रों पर फिजिकल कक्षाएं संचालित कर रही है। इसके अलावा पटना के पटना कालेजिएट स्कूल, दरियापुर और बांकीपुर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोलघर में शैक्षणिक आवासीय शिक्षण कार्यक्रम चल रहा है।

राज्य के नौ प्रमंडलीय जिला मुख्यालयों में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, छपरा, पूर्णिया, सहरसा, मुंगेर और भागलपुर में शैक्षणिक सत्र 2024-26 से गैर-आवासीय निशुल्क शिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।

700 स्कूलों के विद्यार्थी ऐप से जुड़ेंगे

परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को इंटरेक्टिव लर्निंग ऐप से जोड़ने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारियों को संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक करने को कहा गया है।

ऐप के माध्यम से विद्यार्थियों को 24 घंटे लाइव शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। किसी विषय में कान्सेप्ट समझने या डाउट दूर करने की जरूरत होने पर विद्यार्थी शिक्षक से संपर्क कर सकेंगे। विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों का पीडीएफ मेटेरियल भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे नोट्स तैयार कर सकेंगे।

सवाल पूछने पर वीडियो में दिखेंगे शिक्षक

इंटरेक्टिव लर्निंग ऐप की खासियत यह होगी कि विद्यार्थी सवाल पूछने के बाद शिक्षक को वीडियो में देख सकेंगे। हालांकि, शिक्षक विद्यार्थी को वीडियो में नहीं देख सकेंगे। विद्यार्थियों की ओर से पूछे गए सवालों और विषय संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान लाइव शिक्षकों के माध्यम से किया जाएगा।

डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा कि 155 मॉडल स्कूलों में जेईई और नीट की निशुल्क कोचिंग तथा 700 मॉडल स्कूलों में इंटरेक्टिव लर्निंग ऐप की सुविधा शुरू होने से बिहार बोर्ड के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बड़ी मदद मिलेगी। इससे अधिक से अधिक विद्यार्थी जेईई और नीट जैसी प्रवेश परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकेंगे।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *