Connect with us

राज्य

मीठापुर-महुली एलिवेटेड कॉरिडोर से पहली बार गुजरेगी संसदीय टीम, NH और एयर कनेक्टिविटी पर होगी समीक्षा

ट्रांसपोर्ट, पर्यटन और संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति 23 से 26 अगस्त तक बिहार के दौरे पर रहेगी।

इस दौरान समिति बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच) के विकास और रखरखाव की स्थिति का भी जायजा लेगी। समिति के अध्यक्ष जदयू के राज्यसभा सदस्य संजय झा हैं।

बिहार दौरे के दौरान पहली बार संसदीय स्थायी समिति की पूरी टीम नवनिर्मित मीठापुर-महुली एलिवेटेड कॉरिडोर से गुजरेगी।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय कार्यालय ने दौरे को लेकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कारपोरेशन (BSRDC) को पत्र भेजा है।

मीठापुर-महुली एलिवेटेड कॉरिडोर का भी लेगी जायजा

संसदीय स्थायी समिति को बिहार दौरे के दौरान गया भी जाना है। एनएचएआई के क्षेत्रीय कार्यालय ने समिति के लिए मार्ग निर्धारित किया है।

टीम मीठापुर ओवरब्रिज होते हुए मीठापुर-महुली एलिवेटेड कॉरिडोर से गुजरेगी। इसके बाद महुली आरओबी सर्विस रोड से होते हुए एनएच-22 यानी पटना-गया सड़क पर जाएगी। मीठापुर-महुली एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण हाल ही में पूरा हुआ है।

पटना-गया-डोभी फोरलेन से हटेगा अतिक्रमण

संसदीय स्थायी समिति पटना-गया-डोभी फोरलेन सड़क से भी गुजरेगी। समिति के दौरे को देखते हुए संबंधित जिलाधिकारियों को इस मार्ग से सभी तरह के अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है।

अधिकारियों को सड़क की स्थिति और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

एनएच के विकास और रखरखाव पर होगी चर्चा

बिहार दौरे के दौरान समिति राज्य में एनएच के विकास और रखरखाव की स्थिति पर चर्चा करेगी। इस क्रम में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है।

समिति बिहार में एयर कनेक्टिविटी की स्थिति पर भी चर्चा करेगी। इसके लिए नागर विमानन मंत्रालय और राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक होगी। बैठक में राज्य में हवाई संपर्क के विस्तार और इससे जुड़ी योजनाओं की स्थिति पर विचार किया जाएगा।

राज्यसभा के 10 और लोकसभा के 31 सदस्य समिति में

संसदीय स्थायी समिति में राज्यसभा के 10 और लोकसभा के 31 सदस्य हैं। राज्यसभा सदस्यों में अध्यक्ष संजय झा के अलावा सुधा मूर्ति, जी. बाबूराव, मोहम्मद नदीमुल हक, जागेश, के. झाला, एस. कल्याणसुंदरम, एस. फांगनोन कोन्याक, सुरेंद्र सिंह नागर और इमरान प्रतापगढ़ी शामिल हैं।

लोकसभा सदस्यों में मियां अल्ताफ अहमद, पी. बरुआ, आरके चौधरी, अनिल फिरोजिया, तापिर गाव, विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी, राहुल कासवान, जून मालिआह, अजय कुमार मंडल, के.ई. प्रकाश, राजीव प्रताप रूडी, डॉ. एमपी अब्दुस्समद समदानी, कुमारी शैलजा, अभिमन्यु सेठी, अनुराग शर्मा, सुरेश कुमार शेटकर, टांगेला उदय श्रीनिवास, देवेश चंद्र ठाकुर, अमर सिंह टिसो, मनोज तिवारी और केसी वेणुगोपाल समेत अन्य सदस्य शामिल हैं।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *