Connect with us

राज्य

पुत्र ने ट्रेन से कटकर की आत्महत्या की तो माता-पिता ने भी पटरी पर लेटकर दे दी जान.. दमोह में हृदयविदारक घटना

दमोह में एक परिवार पर रक्षाबंधन के दिन दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कोतवाली थाना क्षेत्र के धरमपुरा फाटक पर शुक्रवार को ट्रेन से कटकर माता-पिता और पुत्र ने आत्महत्या कर ली। पहले बेटे ने करैया फाटक के पास ट्रेन से कटकर अपनी जान दी। जब माता-पिता ने बेटे का शव देखा तो करीब दो किमी दूर जाकर वे भी पटरी पर लेट गए और ट्रेन से कटकर उन्होंने भी जान दे दी।

आरपीएफ और कोतवाली पुलिस ने तीनों के शव को जिला अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।

दो साल पहले हुई थी युवक की शादी

हिंडोरिया थाना के करैया गांव निवासी भरत अहिरवार (58) जिला अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। उनके साथी भागचंद अहिरवार ने बताया कि उनके पुत्र मुकेश अहिरवार (30) की दो साल पहले ही शादी हुई थी और पत्नी गर्भवती है। छोटा भाई दौलत अहिरवार रक्षाबंधन में बहन को लेने के लिए सागर गया था।

घटना से पहले पड़ोसी से की थी मुलाकात

पड़ोसी मनोज अहिरवार ने बताया कि घटना के 10 मिनट पहले मुकेश मेरे घर आया था। उसने बताया कि घर में कुछ समस्या आ गई है। उन्होंने घर में पूजा के कारण कुछ देर के बाद आने के लिए कहा। 10 मिनट बाद पता चला कि मुकेश ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली है।

माता-पिता ने रेलवे फाटक के पास दी जान

मां उमा अहिरवार (55) और पिता भरत ने बेटे का शव देखा तो वे बाइक से धरमपुरा फाटक के पास पहुंचे और ट्रेन से कटकर जान दे दी। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। आगे की जांच की जा रही है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *