Connect with us

राज्य

MP में राहुल के दौरे के साथ युवा पीढ़ी में पैठ मजबूत करेगी कांग्रेस, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में 50000 युवाओं को जुटाने की तैयारी

मध्य प्रदेश में युवा मतदाताओं की बड़ी हिस्सेदारी (1.41 करोड़ से अधिक) को देखते हुए कांग्रेस अब इस वर्ग के बीच अपनी पैठ मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। युवाओं से जुड़े मुद्दों को सीधे राजनीतिक अभियान से जोड़ने की तैयारी के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे।

इसे एक दिन के आयोजन तक सीमित रखने की जगह युवाओं के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने के अभियान के रूप में बदलने की है। युवा कांग्रेस और एनएसयूआई को प्रदेश के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों संगठनों के कार्यकर्ता शहर, कस्बों के साथ विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले केंद्रों तक पहुंचकर युवा संवाद करेंगे।

कोटा से शुरू हुआ ‘छात्रों की गूंज’ अभियान

नीट-यूजी पेपर लीक के बाद कांग्रेस ने राजस्थान के कोटा से छात्रों की गूंज कार्यक्रम प्रारंभ किया। जो देहरादून, प्रयागराज और पुणे में आयोजित हो चुका है। पिछले दिनों दिल्ली में हुई कांग्रेस की कार्यकारिणी में यह निर्णय लिया गया कि छात्रों की गूंज कार्यक्रम को सभी राज्यों में विस्तार दिया जाएगा।

इंदौर में 50 हजार युवाओं को जुटाने का लक्ष्य

इसी कड़ी में 12 सितंबर को राहुल गांधी इंदौर में युवाओं से संवाद करेंगे। इसमें भोपाल, इंदौर और उज्जैन से 50 हजार युवाओं को जोड़ने की तैयारी है। प्रदेश कांग्रेस इस कार्यक्रम को जिला, ब्लॉक मुख्यालय, शहर, कस्बे, विश्वविद्यालय, कॉलेज से लेकर कोचिंग सेंटर तक ले जाने की तैयारी में है। सभी जिला अध्यक्षों को इसके निर्देश भी दिए जा चुके हैं।

पार्टी का प्रयास है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय स्तर पर युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो और वे प्रदेश स्तर के राजनीतिक मुद्दे में परिवर्तित हों।

युवा वर्ग पर भाजपा-कांग्रेस, दोनों की नजर

प्रदेश में अगले साल से चुनाव का सिलसिला प्रारंभ हो जाएगा। भाजपा और कांग्रेस, दोनों की नजर युवा वर्ग है, क्योंकि इनकी संख्या परिणामों को प्रभावित करने वाली है। प्रदेश में 18 से 19 वर्ष के मतदाता वर्तमान में 11,81,747 हैं तो 20 से 29 वर्ष के 1,29,52,421 हैं यानी 18 से 29 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 1,41,34,168 है, जो कुल मतदाताओं का लगभग 26 प्रतिशत है। यही कारण है कि भाजपा और कांग्रेस दोनों युवाओं पर केंद्रित कार्यक्रम कर रहे हैं।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *