Connect with us

उत्तर प्रदेश

संजय निषाद की माता प्रसाद पांडे से मुलाकात ने बढ़ाया सियासी सस्पेंस, क्या चुनाव से पहले छोड़ेंगे BJP का साथ?

 उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव से पहले एक मुलाकात ने सियासी चर्चाओं को तेज कर दिया है. यूपी सरकार के मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे से मुलाकात की. इस मुलाकात को फिलहाल शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, क्योंकि माता प्रसाद पांडे की तबीयत ठीक नहीं है. संजय निषाद ने उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य का हाल जाना. दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें वे फूलों के गुलदस्ते के साथ नजर आ रहे हैं. हालांकि, चुनावी माहौल के बीच इस मुलाकात के राजनीतिक मायने भी तलाशे जाने लगे हैं.

संजय निषाद के बयान से बढ़ा सस्पेंस

संजय निषाद को लेकर पिछले कुछ समय से बीजेपी से दूरी और चुनाव से पहले पाला बदलने की अटकलें लगती रही हैं. उन्होंने अपने राजनीतिक रुख को लेकर कहा था, ‘अगर उन्हें सम्मान नहीं मिला तो उनके लिए और भी दरवाजे खुले हुए हैं.’ उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हुई थीं. अब सपा के वरिष्ठ नेता से मुलाकात ने इन अटकलों को एक बार फिर हवा दे दी है. हालांकि, संजय निषाद की ओर से फिलहाल बीजेपी छोड़ने या सपा के साथ जाने को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है.

अखिलेश यादव भी कर चुके हैं मुलाकात

माता प्रसाद पांडे से संजय निषाद की मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी हाल ही में उनसे मिल चुके हैं. इसके बाद संजय निषाद की मुलाकात ने यूपी के संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा बढ़ा दी है. निषाद पार्टी की बीजेपी से कथित नाराजगी और सपा से नजदीकी की अटकलों के बीच इस मुलाकात को कई नजरिए से देखा जा रहा है.

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *