राज्य
फटे जूते से चीन में मेडल तक, पीयूष समेत बिहार के इन जांबाजों ने दुनिया में बढ़ाया देश का मान
खेल के मैदान से बिहार के परिश्रम की गूंज दुनिया में सुनाई दे रही है। सीमित संसाधनों और चुनौतियों को पार करते हुए प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदकों की झड़ी लगा रहे हैं।
एशियन एथलेटिक्स से लेकर कॉमनवेल्थ शतरंज, हॉकी एशिया कप और दक्षिण एशियन आट्या-पाट्या तक में राज्य की प्रतिभाएं तिरंगे का मान बढ़ा रही हैं। फटी स्पाइक पहनकर दौड़ने वाले पीयूष का जज्बा हो या शतरंज की बिसात पर 14 वर्षीय रेयान की चाल, हर युवा चैंपियन बनकर राज्य को स्वर्णिम कर रहा है।

एशियन एथलेटिक्स में पदक जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने पीयूष
चीन में 31 मई को 22वीं जूनियर एशियन एथलेटिक (अंडर-20) चैंपियनशिप में 4×400 मीटर रिले में भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीता। टीम में रोहतास के पीयूष कुमार भी शामिल रहे। एशियन एथलेटिक्स में पदक जीतने वाले पीयूष बिहार के पहले खिलाड़ी बने।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उपलब्धि पर एथलीट को नौ लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया। शीघ्र मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना के तहत नियुक्त किए जाने की घोषणा की।

आर्थिक स्थिति ठीक करने के लिए कभी पाटलिपुत्र खेल परिसर की मेस में भोजन परोसने वाले पीयूष ने वर्ष 2023 में राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स मीट (निडजैम) में फटी स्पाइक (जूता) पहनकर हेक्टथलान स्पर्धा में स्वर्ण पर कब्जा जमाया था।
तमिलनाडु के कोयंबटूर में 38वीं जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सोना जीता था। अभी वे बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के सहयोग से हैदराबाद की गोपीचंद अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
एशियन एथलेटिक्स के लिए विभास्कर और सेतु चयनित
चीन में जुलाई में एशियन एथलेटिक चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए प्रदेश के दो एथलीटों का चयन किया गया है। सोनपुर के विभास्कर अंडर-23 वर्ग में 100 मीटर दौड़, 4×400 मीटर रिले और मिक्स्ड रिले में प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मोतिहारी के सेतु मिश्रा ने इसी चैंपियनशिप के सीनियर पुरुष और अंडर-23 पुरुष वर्ग में 4×400 मीटर रिले एवं मिक्स्ड रिले के लिए क्वालीफाई किया है।
सावन ने भारत को जिताया हॉकी एशिया कप
जापान में संपन्न पुरुष हॉकी अंडर-18 एशिया कप में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता। छह जून को खेले गए फाइनल मुकाबले में देश की टीम ने मेजबान जापान को 4-1 से पराजित कर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया।

भारत को सोने से दमकाने वाली टीम में पटना के गोलकीपर सावन कुमार की महती भूमिका रही। वे दीवार बनकर खड़े रहे और प्रतिद्वंद्वी टीम को कामयाबी नहीं हासिल करने दी।
रेयान ने जीते तीन पदक, सीएम ने दिए 22 लाख
श्रीलंका के कलुथारा में 26 मई को कामनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप में पटना के रेयान मोहम्मद ने दो स्वर्ण सहित तीन पदक जीते। रेयान ने प्रतियोगिता में रैपिड (अंडर-18) और ब्लिट्ज (अंडर-18) स्पर्धा में स्वर्ण तथा क्लासिकल (अंडर-18) में कांस्य पदक अर्जित किया।

14 वर्ष के खिलाड़ी की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उन्हें 22 लाख 50 हजार रुपये देकर सम्मानित किया।
पटना के दो खिलाड़ियों ने आट्या-पाट्या में भारत को दिलाया सोना
राजधानी के वैष्णवी कुमारी और अरवल के दिवाकर कुमार के शानदार खेल की बदौलत बांग्लादेश में संपन्न 10वीं दक्षिण एशियन आट्या-पाट्या चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीत लिया।
भारतीय पुरुष टीम ने फाइनल मुकाबले में भूटान को पराजित कर सोना अपने नाम किया, जबकि महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पर कब्जा किया। बिहार टीम के मुख्य कोच तरुण कुमार आजाद ने बताया कि लगातार दूसरी बार प्रदेश के खिलाड़ियों को भारतीय आट्या-पाट्या दल में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।
भारतीय कबड्डी टीम के शिविर में पहुंचीं रिया
जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक 20वें एशियन गेम्स का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता की तैयारी के लिए आयोजित भारतीय महिला कबड्डी टीम के द्वितीय राष्ट्रीय कोचिंग शिविर में बेगूसराय की रिया कुमारी का चयन किया गया है।
-1781146956146.jpg)
बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने बताया कि रिया कुमारी को लेफ्ट कार्नर पोजीशन के लिए शामिल किया गया है। अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन आफ इंडिया द्वारा जारी सूची के अनुसार शिविर में देशभर से 29 खिलाड़ियों को बुलाया गया है। इसके पहले मार्च-अप्रैल में कर्नाटक के बेल्लारी में सीनियर पुरुष शिविर के लिए पटना के सागर कुमार और रिया कुमारी का चयन किया गया था।
सीपी फुटबाल में बिहार बना चैंपियन
गुजरात (अहमदाबाद) में आयोजित 13वीं राष्ट्रीय सेरेब्रल पाल्सी एवं आटिज्म राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 22 राज्यों से लगभग पांच सौ खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में भाग कर लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चैंपियनशिप के अंतर्गत फुटबाल, साइकिलिंग, स्केटिंग, बैडमिंटन एवं तैराकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक अर्जित किए।
सीपी फुटबाल प्रतियोगिता में बिहार ने गुजरात को पराजित कर राष्ट्रीय चैंपियन बना। जबकि, गुजरात उपविजेता रहे। बिहार टीम के कप्तान कंचन कुमार निराला रहे। टीम में मो. मिराज आलम, अभय कुमार, अमित कुमार महतो, शेखर कुमार, पिंटू कुमार, प्रिंस राज सहित 23 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
योगासन में बिहार को चार स्वर्ण सहित पांच पदक
गुजरात के अहमदाबाद में प्रथम योगासन स्पोर्ट्स चैंपियंस में प्रदेश के चार खिलाड़ियों ने पांच पदक जीते। बिहार योगासन स्पोर्ट्स संघ के सचिव डॉ. जयदीप आर्य ने बताया कि मुजफ्फरपुर के सुधांशु शेखर ने एक स्वर्ण और एक रजत, सिवान की सोनी कुमारी, पटना के दिलीप कुमार और सरांश कुमार ने एक-एक स्वर्ण पदकों पर कब्जा किया। खिलाड़ियों को संघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर प्रसाद, चेयरमैन अजीत कुमार और सचिव रानी कुमारी ने शुभकामनाएं दीं।
एथलेटिक्स में अंजू की स्वर्णिम हैट्रिक
गोवा में 31 मई को संपन्न तृतीय महिला राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अंजू कुमारी ने तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। भोजपुर जिले के खजुरिया गांव निवासी खिलाड़ी ने 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ तथा 4×100 मीटर रिले स्पर्धा में अंजू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदकों की हैटट्रिक लगाई। पूर्व मध्य रेलवे में उप मुख्य टिकट निरीक्षक के पद पर कार्यरत अंजू ने एशियाई मास्टर्स एथलेटिक्स में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था।
निशाना लगा जीता स्वर्ण और रजत
गोवा में 29 मई को संपन्न प्रथम आल इंडिया इंडोर तीरंदाजी टूर्नामेंट में निकुंज मिमांसा ने कंपाउंड बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक जीता। अद्विक अर्नव ने कंपाउंड बालक वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए रजत पदक पर कब्जा किया। पटना के रहने वाले दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रौशन किया।
एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पंच लगाएंगी अंशु
सारण की अंशु ने 19 अप्रैल को असम में संपन्न 8वीं यूथ राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक पर कब्जा किया। उन्होंने 51 किलोग्राम भाग वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की। इस उपलब्धि से उनका चयन भारतीय टीम के शिविर के लिए किया गया। वे जुलाई में होने वाली एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

-
देश5 months ago‘न्याय के साथ विकास’ से ‘Ease of Living’ तक: बिहार को विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में लाने का संकल्प – मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
-
विदेश5 months agoफर्जी डिग्री रैकेट पर ऑस्ट्रेलिया में हंगामा, भारतीय कार्रवाई का हवाला देकर सीनेटर मैल्कम रॉबर्ट्स ने छात्र वीज़ा सिस्टम पर उठाए सवाल
-
बिहार-झारखंड5 months agoखाद कालाबाजारी पर बिहार सरकार का सख्त एक्शन, ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू: कृषि मंत्री
-
देश5 months ago2027 चुनाव से पहले पंजाब सीएम भगवंत मान का बड़ा राजनीतिक दांव
-
देश5 months agoराष्ट्रपति द्रौपादी मुर्मु का अमृतसर साहिब में भव्य स्वागत, CM भगवंत मान ने सिख मर्यादा व संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश
-
उत्तर प्रदेश5 months agoपूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की जेल में बिगड़ी तबीयत, देवरिया से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
-
पंजाब5 months agoमीडिया पर दबाव के आरोप, पंजाब की राजनीति में बढ़ा विवाद
-
दिल्ली5 months agoपंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज अमित शाह से करेंगे मुलाकात, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा



