Connect with us

उत्तर प्रदेश

अलीगढ़ में 27 साल के दरोगा सुंदरम तिवारी ने दी जान, 5 दिन पहले वीडियो वायरल होने पर हुए थे सस्पेंड

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक निलंबित सब इंस्पेक्टर ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. 27 वर्षीय दरोगा सुंदरम तिवारी का शव बुधवार सुबह बन्नादेवी थाना क्षेत्र के चूहरपुर स्थित उनके किराये के मकान में मिला.

पांच दिन पहले ही कचहरी परिसर में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में वह कथित तौर पर नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए दिखाई दे रहे थे. इसके बाद पुलिस विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया था.

सुंदरम तिवारी की मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वीडियो वायरल होने और निलंबन के बाद से वह मानसिक तनाव में थे. हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजहों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

पिता मंदिर से लौटे तो कमरे में मिला बेटे का शव

सुंदरम तिवारी के पिता श्रीचंद तिवारी ने बताया कि बुधवार सुबह वह मंदिर गए हुए थे. जब वापस लौटे तो बेटे का कमरा अंदर से बंद था. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई.

मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो सुंदरम कमरे में फंदे से लटके मिले. पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और जरूरी कार्रवाई शुरू की. पिता के मुताबिक, कचहरी परिसर का वीडियो वायरल होने और विभाग की ओर से निलंबित किए जाने के बाद से सुंदरम तनाव में थे.

2023 बैच के सब इंस्पेक्टर थे सुंदरम तिवारी

सुंदरम तिवारी 2023 बैच के सब इंस्पेक्टर थे. उनकी उम्र 27 साल थी. मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर के रहने वाले थे और अलीगढ़ पुलिस लाइन में तैनात थे.

मौके पर पहुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी

दरोगा की मौत की सूचना मिलते ही एसएसपी नीरज कुमार जादौन, एसपी सिटी आदित्य बंसल और सीओ द्वितीय धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए.

शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच कराया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस की ओर से आत्महत्या के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *