Connect with us

बिहार-झारखंड

दरभंगा-जयपुर के बीच चलेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस, सीतामढ़ी सहित इन स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज

यात्रियों की सुविधा और बिहार-राजस्थान के बीच बेहतर रेल संपर्क बहाल कराने के उद्देश्य से रेलवे ने दरभंगा और खातीपुरा (जयपुर) के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की है।

इस ट्रेन का उद्घाटन रविवार को खातीपुरा से विशेष उद्घाटन स्पेशल ट्रेन (09711) चलाकर किया जाएगा, जबकि नियमित परिचालन 22 जून से खातीपुरा और 23 जून से दरभंगा से शुरू होगा।

पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चन्द्र ने बताया कि गाड़ी संख्या 19725/26 खातीपुरा-दरभंगा-खातीपुरा अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलेगी।

खातीपुरा से यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर तथा दरभंगा से रविवार को छोड़कर संचालित होगी। ट्रेन में 22 कोच होंगे, जिनमें आठ शयनयान, 11 सामान्य द्वितीय श्रेणी, एक पेंट्रीकार और दो एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं।

इन स्टेशनों पर स्टॉपेज

यह ट्रेन दौसा, भरतपुर, आगरा, कानपुर, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड और कमतौल जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेगी।

नियमित सेवा के तहत खातीपुरा से चलकर ट्रेन तीसरे दिन रात 12:55 बजे दरभंगा पहुंचेगी, जबकि वापसी में दरभंगा से सुबह 4:30 बजे खुलकर अगले दिन सुबह 8:40 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन के कारण गोमतीनगर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस तथा नरकटियागंज-बढ़नी पैसेंजर ट्रेन के समय में भी आंशिक संशोधन किया गया है। रेलवे को उम्मीद है कि इस नई सेवा से बिहार और राजस्थान के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending