Connect with us

बिहार-झारखंड

बाढ़ के ‘टापुओं’ से विकास तक: 2 ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, रेल लाइन और राम-जानकी पथ से बदलेगी शिवहर की तस्वीर

कभी एक अदद अच्छी सड़क के लिए तरसने व बाढ़ के दौरान सड़क के अभाव में टापू बना रहने वाले शिवहर की तकदीर बदलने लगी है। मधुबन-शिवहर-सीतामढ़ी एनएच को जहां राम-जानकी पथ में विकसित करने का एलान हो चुका है।

वहीं शिवहर-सीतामढ़ी रेललाइन निर्माण का काम भी जारी है। इस बीच गोरखपुर-सिलीगुड़ी व रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड जैसे दो एक्सप्रेसवे भी शिवहर से होकर गुजरेंगे। इससे क्षेत्र की आर्थिकी में बड़ा बदलाव आएगा। पर्यटन का विस्तार व विकास होगा। साथ ही इलाके के विकास के साथ सफर की राह भी आसान होगी।

जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने बताया कि इन परियोजनाओं को गति देने और रैयतों के मुआवजा भुगतान प्रक्रिया को त्वरित व पारदर्शी बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अधिसूचना की कार्रवाई पूरी करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

इन इलाकों से गुजरेगी गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे

गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 15.8 किमी होगी। यह एक्सप्रेसवे परदेसिया, ताजपुर, सुगिया, माधोपुर अनंत, विशुनपुर किशुनदेव, खैरवा दर्प, शिवहर शहर, रसीदपुर, परसौनी बैज, देकुली धर्मपुर, हरपुर व धनकौल से गुजरेगी।

इस हाइवे के लिए शिवहर अंचल के आठ व पिपराही अंचल के चार सहित कुल 12 मौजा की 1628 खेसरा की 127.7538 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है।

इस हाइवे के लिए वर्तमान में अपर समाहर्त्ता, भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता, जिला अवर निबंधक, जिला भू अर्जन पदाधिकारी आदि की टीम भूमि की प्रकृति की जांच कर रही है। यह टीम नौ जून तक मौजावार क्षेत्र भ्रमण कर स्थल निरीक्षण करेगी और अर्जनाधीन भूमि की प्रकृति का निर्धारण करेगी। इसके बाद अधिसूचना जारी कर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।

शिवहर शहर की 16.4217 और रसीदपुर की 8.1898 हेक्टेयर भूमि की जाएगी अधिगृहित

गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे के लिए परदेसिया की 22 खेसरा की 13.2983 हेक्टेयर भूमि अधिगृहित होगी। जबकि ताजपुर की 95 खेसरा की 13.2983 हेक्टेयर, सुगिया की 116 खेसरा की 9.7259 हेक्टेयर, माधोपुर अनंत की 172 खेसरा की 11.8143 हेक्टेयर, विशुनपुर किशुनदेव की 71 खेसरा की 3.6334 हेक्टेयर, खैरवा दर्प की 92 खेसरा की 6.7738 हेक्टेयर, शिवहर शहर की 174 खेसरा की 16.4217 हेक्टेयर, रसीदपुर की 93 खेसरा की 8.1898 हेक्टेयर, परसौनी बैज की 205 खेसरा की 16.9686 हेक्टेयर, देकुली धर्मपुर की 260 खेसरा की 15.8692 हेक्टेयर, हरपुर की 92 खेसरा की 5.7536 हेक्टेयर व धनकौल की 235 खेसरा की 17.9396 हेक्टेयर भूमि अधिगृहित की जाएगी।

रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए 27 गांवों में होगा भूमि का अधिग्रहण

लगभग 60 हजार करोड़ की लागत से बनने वाली कुल 650 किमी लंबी रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की शिवहर में कुल लंबाई 29.57 किमी होगी। इसमें शिवहर जिले की तीन प्रखंडों के 27 गांव शामिल होंगे।

रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे के लिए शिवहर अंचल की चार, डुमरी कटसरी की तीन और तरियानी के 20 सहित कुल 27 गांवों में भूमि अधिग्रहण किया जाना है। जिला प्रशासन द्वारा इस एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।

रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पूर्वी चंपारण के अंजोरबारा से शिवहर के ताजपुर, मथुरापुर कहतरबा, मिर्जापुर धोबाही, कनुआनी, जहांगीरपुर, गोसाईपुर बंदोबस्ती, पहाड़पुर, विश्वम्भरपुर, बैजनाथपुर, खाजेपुर, फतहपुर गौस, माधोपुर छाता, रूपवारा, हिरौता दुम्मा, रेवासी, औरा, पहाड़पुर, कुम्हरार, लदौरा, छपरा व ताजपुर होते हुए सुहई में सीतामढ़ी में दाखिल होगी।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending