Connect with us

राज्य

MP में फिर पकड़ी गई MD ड्रग्स फैक्ट्री, मऊगंज से मुंबई तक फैला था नशे का नेटवर्क; चार आरोपित गिरफ्तार

मध्य प्रदेश में सिंथेटिक नशीले पदार्थ (एमडी ड्रग्स) के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भोपाल के बाद अब रीवा संभाग के मऊगंज जिले में संचालित एक अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां तैयार होने वाला नशीला पदार्थ महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों तक भेजा जा रहा था, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की आशंका गहरा गई है।

शाहपुर थाना पुलिस ने रविवार रात बिझौली गांव के एक सुनसान इलाके में स्थित मकान पर छापा मारकर फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। मौके से बड़ी मात्रा में संदिग्ध एमडी ड्रग्स, रासायनिक पदार्थ, एसिड, ड्रग्स बनाने के उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 72 घंटे की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

मुंबई में सीखी तकनीक

गिरफ्तार आरोपितों में मुख्य आरोपित चंदन सिंह के अलावा पीकचंद्र यादव, अशोक गुप्ता और ऋषभ सेन शामिल हैं। सभी रीवा जिले के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि चंदन सिंह पहले मुंबई के बदलापुर स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में काम करता था। वहीं उसने कथित रूप से एमडी ड्रग्स बनाने की तकनीक सीखी। इसके बाद उसने मुंबई और कानपुर से मशीनें मंगवाकर शाहपुर क्षेत्र के एक मकान में गुप्त रूप से सिंथेटिक ड्रग्स का निर्माण शुरू कर दिया।

महाराष्ट्र तक होती थी सप्लाई

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि यहां तैयार होने वाली एमडी ड्रग्स रीवा के रास्ते मुंबई और अन्य महानगरों तक पहुंचाई जाती थी। पुलिस अब इस सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

300 लीटर से अधिक रसायन व उपकरण जब्त

पुलिस के अनुसार, छापे के दौरान फैक्ट्री से लगभग 360 ग्राम संदिग्ध एमडी ड्रग्स, 300 लीटर से अधिक रासायनिक पदार्थ, ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, विभिन्न उपकरण और एक बोलेरो वाहन जब्त किया गया है।

रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत ने बताया कि फैक्ट्री को सील कर दिया गया है और आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *