Connect with us

राज्य

RGPV का बदला नाम, अब तीन प्रौद्योगिकी-कौशल विश्वविद्यालयों में बंटेगा; भोपाल, उज्जैन और जबलपुर में होंगे केंद्र

मध्य प्रदेश में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम से संचालित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) का पुनर्गठन कर प्रदेश में तीन नए प्रौद्योगिकी एवं कौशल विश्वविद्यालय स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

नए विश्वविद्यालयों के मुख्यालय भोपाल, उज्जैन और जबलपुर में होंगे। मौजूदा RGPV भोपाल को मध्य भारत प्रौद्योगिकी एवं कौशल विश्वविद्यालय के नाम से जाना जाएगा। वहीं उज्जैन और जबलपुर के स्वशासी इंजीनियरिंग कॉलेजों को क्रमशः मालवा प्रौद्योगिकी एवं कौशल विश्वविद्यालय और महाकोशल प्रौद्योगिकी एवं कौशल विश्वविद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा।

तीनों विश्वविद्यालयों के लिए अलग-अलग अधिनियम

सरकार ने तीनों विश्वविद्यालयों को स्थापित करने और पूरी प्रक्रिया को गति देने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय साधिकार समिति गठित करने का निर्णय लिया है। प्रत्येक विश्वविद्यालय के संचालन के लिए अलग अधिनियम लागू किया जाएगा।

कैबिनेट ने उज्जैन और जबलपुर विश्वविद्यालयों के प्रशासनिक संचालन के लिए कुलगुरु, कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, उपकुलसचिव और वित्त अधिकारी के पदों को भी मंजूरी दी है। अन्य सहायक और तकनीकी पदों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से भरा जाएगा।

3.83 लाख से अधिक विद्यार्थियों पर पड़ेगा असर

वर्तमान में RGPV के अंतर्गत 13 पाठ्यक्रम, 585 संस्थान और 3.83 लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। सरकार का कहना है कि एक बड़े विश्वविद्यालय के स्थान पर तीन क्षेत्रीय विश्वविद्यालय विकसित करने से उच्च एवं तकनीकी शिक्षा का क्षेत्रीय संतुलन बेहतर होगा और गुणवत्ता विस्तार को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र के करीब बेहतर तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

जानिए किस विश्वविद्यालय के दायरे में कौन से संभाग

मध्य भारत प्रौद्योगिकी एवं कौशल विश्वविद्यालय, भोपाल
भोपाल, नर्मदापुरम, चंबल और ग्वालियर संभाग इसके क्षेत्राधिकार में रहेंगे।

मालवा प्रौद्योगिकी एवं कौशल विश्वविद्यालय, उज्जैन
उज्जैन और इंदौर संभाग को इसके दायरे में रखा गया है।

महाकोशल प्रौद्योगिकी एवं कौशल विश्वविद्यालय, जबलपुर
जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग इसके क्षेत्राधिकार में होंगे।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *