Connect with us

उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद पुलिस चौकी के पास जोरदार धमाका, ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ ने ली जिम्मेदारी

गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में वसुंधरा पुलिस चौकी के पीछे शुक्रवार रात करीब 9 बजे जोरदार धमाका हो गया. विस्फोट के कारण चौकी के दो शीशे टूट गए और एक दीवार में हल्की दरार आ गई. मौके पर मौजूद एक डिलीवरी बॉय कांच के टुकड़ों की चपेट में आकर घायल हो गया. बता दें अब इस धमाके की जांच में कई एजेंसियां जुट गईं हैं. घटना के बाद सोशल मीडिया पर ‘गाजी 2’ नाम के एक एक्स अकाउंट से पोस्ट कर ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ संगठन द्वारा जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया. पोस्ट में चौकी को उड़ाने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और यूपी Tak इसकी पुष्टि नहीं करता. पुलिस पोस्ट की जांच के साथ धमाके की वजह का पता लगाने में जुटी है. यूपी एटीएस की टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंच रही है.

सोशल मीडिया पोस्ट में संगठन का नाम

धमाके के बाद ‘गाजी 2’ नाम के एक्स अकाउंट से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान के घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया. इसी अकाउंट से वसुंधरा पुलिस चौकी को उड़ाने की धमकी दिए जाने की बात भी कही गई है. हालांकि, सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे को अभी प्रमाणित नहीं माना जा सकता. पुलिस पोस्ट की सत्यता और उसके स्रोत की जांच करेगी. फिलहाल पुलिस ने किसी संगठन की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमाका किस वजह से हुआ और क्या इसका किसी धमकी या संगठन से कोई संबंध है.

चौकी के पीछे हुआ विस्फोट

धमाका शुक्रवार रात करीब 9 बजे इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी के पीछे हुआ. इस जगह पर कबाड़ की गाड़ियां खड़ी रहती हैं. विस्फोट के वक्त चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर मौजूद थे. इसी दौरान एक डिलीवरी बॉय भी सामान पहुंचाने आया था. धमाके से चौकी के दो शीशे टूट गए और दीवार में हल्की दरार आ गई. कांच के टुकड़े बिखरने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से जरूरी सैंपल और सबूत जुटाए.

फोरेंसिक सैंपल आगरा भेजे

पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों को जांच के लिए आगरा भेजा है. मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने नमूने इकट्ठा किए, जबकि बम निरोधक दस्ते यानी BDS ने भी जांच की. शुरुआती पड़ताल में BDS यह स्पष्ट नहीं कर पाया कि धमाका किस तरह का था और उसमें किस सामग्री का इस्तेमाल हुआ. गाजियाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक अब तक की जांच में धमाका एसी के कंप्रेसर के फटने से हुआ हुआ नहीं लग रहा है. इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्या ने कहा कि विस्फोट की वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस का कहना है कि हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है.

इंटेलिजेंस विंग भी जांच में शामिल

मामले की गंभीरता को देखते हुए यूपी एटीएस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच रही है. गाजियाबाद पुलिस, फोरेंसिक टीम और इंटेलिजेंस विंग के अधिकारी मिलकर जांच कर रहे हैं. हाल के दिनों में पुलिस और सुरक्षाबलों को निशाना बनाए जाने से जुड़े कई इनपुट खुफिया एजेंसियों को मिलते रहे हैं. कुछ दिन पहले यूपी पुलिस ने आईएसआई और शहजाद भट्टी से जुड़े मॉड्यूल को पकड़ा था. यूपी के लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया था कि आरोपी पुलिस और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की तैयारी में थे. इसी को लेकर वसुंधरा चौकी में हुए धमाके की भी सभी संभावित पहलुओं की जांच जा रही है. फिलहाल इस घटना को किसी आतंकी मॉड्यूल से जोड़ने की पुष्टि नहीं हुई है.

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *