Connect with us

पंजाब

लालड़ू में 47.54 करोड़ की सीवरेज परियोजना से स्वच्छता ढांचे को मिलेगा बड़ा बढ़ावा: विधायक कुलजीत सिंह रंधावा

लालड़ू शहर में सीवरेज एवं अपशिष्ट जल निकासी प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डेराबस्सी के विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा ने आज स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) 2.0 के तहत ₹47.54 करोड़ की लागत वाली व्यापक सीवरेज एवं अपशिष्ट जल उपचार परियोजना के कार्य का शुभारंभ किया।

इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्देश्य लालड़ू शहर में आधुनिक एवं प्रभावी सीवरेज प्रणाली उपलब्ध करवाना, सीवरेज के पानी के ठहराव की समस्या को दूर करना तथा अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक एवं टिकाऊ प्रबंधन सुनिश्चित करना है। परियोजना को 18 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

परियोजना के तहत शहर में लगभग 9 किलोमीटर सीवरेज लाइनें तथा 12.7 किलोमीटर राइजिंग मेन नेटवर्क बिछाया जाएगा। इसके अलावा गांव मगरा में 3.00 एमएलडी क्षमता वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तथा वेरका बूथ के पीछे 3.50 एमएलडी क्षमता वाला फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) स्थापित किया जाएगा।

परियोजना में इंटरसेप्टिंग एवं डायवर्जन सीवर, इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन (आईपीएस) और मेन पंपिंग स्टेशन (एमपीएस) भी शामिल हैं। इससे सीवरेज के संग्रहण, प्रवाह और उपचार के लिए एक एकीकृत प्रणाली विकसित होगी।

इस अवसर पर विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि यह परियोजना लालड़ू के स्वच्छता ढांचे में बड़ा गुणात्मक सुधार लाने के साथ-साथ शहरवासियों को बेहतर और टिकाऊ नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ शहर को स्वच्छ एवं पर्यावरण की दृष्टि से अधिक बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करवाने तथा लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष जोरावर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश मदान, पार्षद, वार्ड प्रभारी, ब्लॉक अध्यक्ष, पंच, सरपंच, स्थानीय निवासी, पार्टी प्रतिनिधि तथा विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *