Connect with us

मध्य प्रदेश

उज्जैन के महाकाल महालोक में महिला श्रद्धालुओं और गार्ड में भिड़ंत, गाली-गलौज से हाथापाई तक पहुंचा विवाद; Video वायरल

ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर के श्री महाकाल महालोक में महिला श्रद्धालुओं और महिला सुरक्षाकर्मी के बीच विवाद का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच बहस, गाली-गलौज और हाथापाई होती दिखाई दे रही है। विवाद बढ़ने पर अन्य सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन महिला श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण स्थिति तुरंत नियंत्रित नहीं हो सकी। बाद में कुछ दर्शनार्थियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

मंदिर प्रशासन के अनुसार घटना दो दिन पुरानी है। दोनों पक्षों को कंट्रोल रूम में बुलाकर समझाइश दी गई और बातचीत के बाद विवाद समाप्त करा दिया गया। किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं होने के कारण पुलिस में प्रकरण दर्ज नहीं कराया गया।

वीडियो में दिखी हाथापाई

बहुप्रसारित हो रहे करीब एक मिनट 10 सेकंड के वीडियो में कुछ महिला दर्शनार्थी और महिला गार्ड के बीच तीखी बहस दिखाई देती है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते नजर आते हैं।

कुछ ही देर में कहासुनी हाथापाई में बदल जाती है। स्थिति बिगड़ने पर वहां मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। हालांकि महिला श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण उन्हें स्थिति संभालने में परेशानी होती दिखाई दी।

इसके बाद कुछ अन्य दर्शनार्थियों ने आगे आकर दोनों पक्षों को अलग किया और विवाद को शांत कराया।

विवाद की वजह स्पष्ट नहीं

विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने बताया कि महिला श्रद्धालु और महिला सुरक्षाकर्मी एक ही कॉलोनी के निवासी हैं।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों को मंदिर के कंट्रोल रूम में बुलाया गया। वहां बातचीत और समझाइश के बाद आपसी सहमति से मामला शांत करा दिया गया। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत नहीं की गई, इसलिए महाकाल थाने में एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई।

चार दिन पहले कांवड़ियों से भी हुआ था विवाद

महाकाल मंदिर में सुरक्षाकर्मियों के साथ विवाद की यह घटना हाल के दिनों में सामने आया दूसरा मामला है। चार दिन पहले कुछ कांवड़ियों ने गर्भगृह में प्रवेश करने का प्रयास किया था। सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोकने पर विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया था।

इस दौरान बैरिकेड भी गिर गए थे और कुछ सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। मामले में उत्पात करने वाले कई कांवड़ियों के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था।

पहले भी हुईं घटनाएं

अप्रैल 2022 : गेट नंबर पांच पर बीएसएफ जवान और मंदिर कर्मचारियों के बीच प्रवेश को लेकर विवाद मारपीट तक पहुंचा।
अगस्त 2022 : भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर नंदी हाल में प्रवेश का प्रयास किया। सुरक्षाकर्मियों से विवाद के बाद कार्रवाई हुई।
नवंबर 2022 : गर्भगृह में पहले दर्शन को लेकर दो परिवारों में विवाद हुआ। धक्का-मुक्की में रैलिंग टूटने की बात भी सामने आई।
जून 2023 : मोबाइल से फोटो खींचने से रोकने पर श्रद्धालु और गार्ड के बीच विवाद मारपीट तक पहुंचा। इसी अवधि में अन्नक्षेत्र के पास भी श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच टकराव हुआ।
जुलाई 2025 : गर्भगृह में प्रवेश से जुड़े एक मामले ने तूल पकड़ा, जिस पर मंदिर समिति ने जांच कराई

आखिर विवाद की वजह क्या?

लाइन तोड़कर जल्दी दर्शन की कोशिश।
गर्भगृह या प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश का प्रयास।
सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोकने पर बहस।
विशेष प्रवेश और सामान्य दर्शन व्यवस्था को लेकर असंतोष।
भीड़ अधिक होने पर छोटी बात का बड़े विवाद में बदलना।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *