उत्तर प्रदेश
यूपी MLC चुनाव के नतीजों से विधानसभा चुनाव 2027 के बारे में क्या पता चल गया… किसकी बढ़ी ताकत और किसकी चिंता?
उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दलों की नजर अब सिर्फ सरकार और संगठन पर नहीं, बल्कि इस बात पर भी है कि जनता का मूड किस तरफ जा रहा है. ऐसे में यूपी विधान परिषद की 11 सीटों के नतीजों को महज कुछ सीटों का चुनाव मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
2020 के मुकाबले सपा ने बढ़ाई अपनी ताकत
इन नतीजों को समझने के लिए 2020 के MLC चुनाव से तुलना करना जरूरी है. उस समय भाजपा ने 6, सपा ने तीन और निर्दलीय उम्मीदवारों ने दो सीटें जीती थीं. इस बार भाजपा ने अपनी छह सीटें बरकरार रखीं, जबकि सपा ने तीन से बढ़कर पांच सीटें हासिल कर लीं.
कहां किस पार्टी को मिली जीत?
11 सीटों में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र थे. नतीजों में भाजपा ने छह और सपा ने पांच सीटें जीतीं.
स्नातक सीटों पर सपा का प्रदर्शन भाजपा के लिए चिंता
इस चुनाव में सपा की सबसे बड़ी सफलता स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में देखने को मिली. पांच में से तीन सीटें सपा के खाते में गईं. पार्टी ने लखनऊ, वाराणसी और इलाहाबाद-झांसी में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा मेरठ और आगरा में सफल रही.
लखनऊ स्नातक सीट का नतीजा भाजपा के लिए बड़ा झटका है क्योंकि लखनऊ में पार्टी का संगठन मजबूत माना जाता है. दूसरी तरफ सपा के लिए जीत बताती है कि वह भाजपा के मजबूत माने जाने वाले क्षेत्रों में भी चुनौती दे सकती है.
वाराणसी में दोनों सीटें जीतकर सपा ने दिया बड़ा संदेश
वाराणसी के नतीजे इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा में रहे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में सपा ने शिक्षक और स्नातक, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज की. शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव ने अपनी जीत दोहराई, जबकि स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा ने भाजपा के केदारनाथ सिंह को हराया. इस तरह सपा ने वाराणसी में अपनी दोनों सीटें बचा लीं.
शिक्षक सीटों पर भाजपा अब भी मजबूत
जहां स्नातक सीटों पर सपा ने बढ़त बनाई, वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा का प्रदर्शन बेहतर रहा. छह में से चार सीटें भाजपा ने जीतीं, जबकि दो सीटें सपा के खाते में गईं. भाजपा ने लखनऊ, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीटों पर जीत दर्ज की. वहीं सपा ने वाराणसी और आगरा की शिक्षक सीटें जीतीं.
इससे साफ है कि भाजपा का संगठन शिक्षक मतदाताओं के बीच अब भी प्रभावी है. दूसरी तरफ आगरा में सपा की जीत बताती है कि पार्टी इस क्षेत्र में भी अपनी जगह बनाने में सफल रही है.
2024 के लोकसभा चुनाव के बाद सपा के लिए एक और राहत
2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश ने भाजपा को बड़ा झटका दिया था. समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 37 पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा 33 सीटों पर सिमट गई. कांग्रेस को छह और राष्ट्रीय लोकदल को दो सीटें मिली थीं. अब MLC चुनाव में सपा ने पांच सीटें जीतकर दिखाया है कि लोकसभा चुनाव के बाद भी वह राजनीतिक मुकाबले में बनी हुई है.
हालांकि, लोकसभा चुनाव और MLC चुनाव का मतदाता वर्ग अलग है. इसलिए इन दोनों नतीजों को जोड़कर विधानसभा चुनाव का अनुमान नहीं लगाया जा सकता. लेकिन सपा के लिए लगातार मिल रहे ये नतीजे राजनीतिक मनोबल बढ़ाने वाले जरूर हैं.
क्या 2027 में भाजपा के लिए मुश्किल बढ़ सकती है?
भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपनी मौजूदा राजनीतिक पकड़ को बनाए रखने की होगी. छह सीटें जीतना पार्टी के लिए राहत की बात है, लेकिन सपा का पांच सीटों तक पहुंचना बताता है कि विपक्ष को नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा.
दूसरी तरफ अखिलेश यादव के सामने भी बड़ी चुनौती है. MLC चुनाव में पांच सीटें जीतना और विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सत्ता तक पहुंचना दो अलग बातें हैं. सपा को अपनी इस बढ़त को गांवों, कस्बों और शहरों तक ले जाना होगा. उसे सिर्फ अपने परंपरागत मतदाताओं पर निर्भर रहने के बजाय नए सामाजिक और राजनीतिक समीकरण भी बनाने होंगे.
MLC चुनाव से विधानसभा चुनाव में कितना अंतर है?
यहां सबसे जरूरी बात समझनी होगी. MLC चुनाव में वोट डालने वाले और विधानसभा चुनाव के मतदाता एक जैसे नहीं होते.
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में निर्धारित योग्यता रखने वाले पंजीकृत स्नातक मतदाता वोट डालते हैं. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में तय शर्तें पूरी करने वाले पंजीकृत शिक्षक मतदान करते हैं. जबकि विधानसभा चुनाव में संबंधित सीट के सभी पंजीकृत आम मतदाता वोट डालते हैं.
इसके अलावा MLC चुनाव में बैलेट पेपर और वरीयता आधारित मतदान की व्यवस्था होती है. विधानसभा चुनाव में EVM के जरिए मतदान कराया जाता है
यही वजह है कि हम शुरू से कह रहे हैं कि MLC चुनाव में भाजपा और सपा के बीच आया 6-5 का आंकड़ा सीधे विधानसभा चुनाव पर लागू नहीं किया जा सकता. लेकिन लेकिन… चुनाव दोनों पार्टियों की संगठनात्मक ताकत, स्थानीय पकड़ और राजनीतिक माहौल को समझने का एक संकेत जरूर देता है.
-
देश10 months ago‘न्याय के साथ विकास’ से ‘Ease of Living’ तक: बिहार को विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में लाने का संकल्प – मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
-
देश10 months ago2027 चुनाव से पहले पंजाब सीएम भगवंत मान का बड़ा राजनीतिक दांव
-
विदेश10 months agoफर्जी डिग्री रैकेट पर ऑस्ट्रेलिया में हंगामा, भारतीय कार्रवाई का हवाला देकर सीनेटर मैल्कम रॉबर्ट्स ने छात्र वीज़ा सिस्टम पर उठाए सवाल
-
उत्तर प्रदेश10 months agoपूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की जेल में बिगड़ी तबीयत, देवरिया से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
-
बिहार-झारखंड10 months agoखाद कालाबाजारी पर बिहार सरकार का सख्त एक्शन, ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू: कृषि मंत्री
-
देश10 months agoराष्ट्रपति द्रौपादी मुर्मु का अमृतसर साहिब में भव्य स्वागत, CM भगवंत मान ने सिख मर्यादा व संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश
-
पंजाब10 months agoमीडिया पर दबाव के आरोप, पंजाब की राजनीति में बढ़ा विवाद
-
दिल्ली10 months agoपंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज अमित शाह से करेंगे मुलाकात, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

